![](https://blogger.googleusercontent.com/img/b/R29vZ2xl/AVvXsEji1zFze146V1R_W8WQEVz_wHWsdG9kV7spPHsJMOy4pzY5xzgEOo48862rojFpF_JDcXwVpqc-F3aNIp6a5O-EDR6AwDTTkTqpv-2cEDlBDa7eK1YfASxC7aJdhprkZuzmw1_Y-hRWB_gB/s1600/download.png)
एक बार फिर RPSC 28 अगस्त को अपने चिर परिचित अंदाज में सामने आया | तथ्यात्मक एवं आंकड़ों पर आधारित सवालों को प्रमुखता दी | गणित में 9 प्रश्न दिए गए जो गत वर्ष की तुलना में कठिन एवं लम्बे थे | 13 प्रश्न तार्किक योग्यता से आए जो अपेक्षाकृत सरल थे | RPSC की यह परम्परा रही है कि वह सामान्य विज्ञान के नाम पर विशिष्ट ज्ञान की परीक्षा ले लेती है | अक्सर इन विज्ञान के प्रश्नों में खुद विज्ञान के विद्यार्थी अपना सिर खुजाते पाए जाते हैं | इस बार भी परम्परा को नहीं तोड़ते हुए करीब 17 प्रश्न विज्ञानं एवं पर्यावरण से दिए |इनमें से जो समसामयिक थे वो सरल या मध्यम थे | शेष कठिन या बहुत कठिन | राष्ट्रीय समसामयिकी के करीब 15 प्रश्न पूछे गए जो आसान या माध्यम रहे | प्राचीन एवं मध्यकालीन भारत के इतिहास के 6 प्रश्न पूछे गए जो कठिन ही रहे | आधुनिक भारत के इतिहास के 4 प्रश्न रहे जो अपेक्षाकृत सरल थे | अर्थव्यवस्था से जुड़े करीब 8 प्रश्न पूछे गए ये अपेक्षाकृत सरल परन्तु ट्रिकी थे | भारत और विश्व भूगोल के 5 प्रश्न रहे जो मध्यम या कठिन परन्तु विकल्पों में सरल रहे | भारतीय राजव्यवस्था से जुड़े करीब 10 प्रश्न थे तो अपेक्षाकृत आसान परन्तु ट्रिकी थे जो आपको निश्चित तौर पर फंसायेंगे |
राजस्थान से जुड़े सवालों ने इस बार भी सर्वाधिक योगदान दिया पेपर में | राजस्थान से जुड़ें पारंपरिक प्रश्नों की संख्या लगभग 44 रही | ये प्रश्न राजस्थान के भूगोल,कला एवं संस्कृति, राजनीति, इतिहास, जनसँख्या, अर्थव्यवस्था से सम्बंधित थे | इनमें अधिकांश प्रश्न या तो मध्यम या कठिन प्रवृति के थे | 16 प्रश्न राजस्थान समसामयिकी से आये | इनमे योजनाओं पर आधारित प्रश्नों की संख्या अधिक रही | ये प्रश्न सरल प्रवृति के रहे | इस प्रकार पूरे पेपर में कुल 60 सवाल राजस्थान के रहे | बाहरी राज्यों के अभ्यर्थियो के लिए ये परेशानी का सबब साबित होते हैं |
पेपर होने के बाद से ही चारों तरफ कट ऑफ को लेकर अलग अलग कयास लगाये जा रहे हैं | कुछ अति उत्साही लोग तो कट ऑफ को 90 अंकों से भी ज्यादा बता चुके हैं |अधिकांश लोगों का मानना है कि पेपर बहुत अधिक सरल था | परन्तु मैं इससे इत्तेफाक नहीं रखता | पेपर गत वर्ष की तुलना में कुछ आसान कहा जा सकता है परन्तु इतना भी नहीं कि आप अति उत्साह का ही शिकार हो जाये |
अगर आप के 70 अंक बन रहे हैं तो आप निश्चिन्त होकर मुख्य परीक्षा की तैयारियों में लग जाये | 65 से 70 अंक की परास में आने वाले अभ्यर्थी भी निराश न हों | RPSC की कट ऑफ आप के लिए शुभ समाचार हो सकते हैं | दिल छोटा कर के बैठे रहने की जरुरत नहीं है | मार्किट में अफवाहें आपको भले ही डरा रही हों परन्तु आप भी कुछ दिन इधर उधर घूम कर आइये ताकि कुछ कुछ अच्छा महसूस हो | कोई नहीं जनता कब अनुमान धरे रह जाएँ | अतः उत्साह जुटा कर लग जाये मुख्य परीक्षा में | RPSC परिणाम 30 सितम्बर तक घोषित कर ही देगी |
आप सभी को बेहतर परिणाम की शुभ कामनाएं |